देहरादून में शनिवार रात एक फर्नीचर वर्कशॉप में अचानक आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण चौक की है, जहां रात करीब 9:30 बजे वर्कशॉप से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए करीब आधा दर्जन फायर टेंडर लगाए गए हैं और देर रात तक बुझाने का अभियान जारी रहा।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि पास में चल रहे एक शादी समारोह के दौरान हुई आतिशबाजी की चिंगारी वर्कशॉप तक पहुंच गई, जिससे आग लग गई। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
राहत की बात यह रही कि अब तक किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने एहतियातन इलाके को खाली कराया और भीड़ को दूर कर राहत कार्य को सुचारु रूप से जारी रखा। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं।