देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र में मंगलवार को एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम से पटेलनगर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि चंद्रबनी में एक युवती अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो अंदर युवती का शव पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान रिया के रूप में हुई है, जो चंद्रबनी क्षेत्र की रहने वाली थी।

सुसाइड नोट मिला

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवती ने लिखा है कि वह अपने परिवार पर बोझ महसूस कर रही थी और माफी की बात कही है।

प्रतियोगी परीक्षा की कर रही थी तैयारी

परिजनों के अनुसार रिया पढ़ाई में लगी रहती थी और नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसने हाल ही में नीट परीक्षा भी दी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।