नई दिल्ली/कोटद्वार। कोटद्वार के मोहम्मद दीपक ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया। यह मुलाकात उस समय चर्चा में आई जब कोटद्वार पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर विवाद उभरा था और राहुल गांधी ने इसे लेकर ट्वीट भी किया था।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में दीपक कुमार ने नेता विपक्ष से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। वालिया ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने दीपक के साथ आत्मीय बातचीत की और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

दीपक कुमार अपने मानवीय कार्यों और समाजसेवा के लिए देशभर में पहचान बना चुके हैं। राहुल गांधी ने इस अवसर पर दीपक का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। कांग्रेस के अनुसार, यह मुलाकात केवल व्यक्तिगत सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव को मान्यता देने का संदेश भी है।

पार्टी ने यह स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के इस कदम से यह दिखता है कि कांग्रेस हमेशा उन लोगों के साथ खड़ी है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं।