उत्तरकाशी: यमुनोत्री हाईवे पर शुक्रवार को रिखाऊंखड्ड से डामटा की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें कार सवार दो दोस्तों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, काले रंग की टाटा नेक्सन कार रिखाऊंखड्ड से डामटा की ओर जा रही थी। कार बदाणी नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर सीधे यमुना नदी किनारे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में जान गंवाने वालों में तुषार खत्री (25) शामिल थे, जो गढ़वाल राइफल्स में जवान थे और छुट्टी पर घर आए थे। वहीं अजय सिंह (26) इकलौते पुत्र और छह बहनों के अकेले भाई थे। दोनों ही मृतक ढुईंक पोस्ट रिखाऊं, थाना पुरोला, उत्तरकाशी के निवासी थे।

बचाव अभियान

हादसे की सूचना स्थानीय निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी। इसके बाद डामटा चौकी, बड़कोट से SDRF और नौगांव से फायर सर्विस टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों के शव खाई से निकाले गए और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डामटा में पंचनामा भरा गया।

ढुईंक गांव में जवान और युवक की मौत से शोक की लहर है।

हाईवे की स्थिति और सुरक्षा की कमी

यमुनोत्री हाईवे के दियाड़ीखड्ड से मुराड़ीखड्ड तक करीब 34 किमी के पैच पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। हादसा वहीँ हुआ, जहां क्रैश बैरियर टूट चुके थे, जिससे कार सीधे खाई में गिर गई। अधिकारियों का कहना है कि अगर क्रैश बैरियर सुरक्षित स्थिति में होते, तो हादसा टाला जा सकता था।