भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद हेतु चुनाव प्रक्रिया की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही मतदाता सूची भी सार्वजनिक कर दी गई है। नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को पूरी की जाएगी और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद आगामी एक जुलाई को नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रविवार को चुनाव अधिकारी खजान दास ने राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण के निर्देशानुसार चुनावी कार्यक्रम जारी किया। खजान दास ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 125 मतदाता नामित किए गए हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा सोमवार दोपहर 12 बजे तक तय की गई है। इसके बाद दोपहर 12 से 2 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और फिर 3 से 4 बजे के बीच नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
अध्यक्ष पद के लिए योग्यता और प्रक्रिया
चुनाव अधिकारी ने बताया कि भाजपा संविधान के अनुसार यह चुनाव पार्टी की प्रदेश परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा तय दिशा-निर्देशों के तहत होगा। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए वही कार्यकर्ता नामांकन दाखिल कर सकेंगे जो कम से कम 10 वर्षों से प्राथमिक सदस्य और तीन वर्षों से सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी से जुड़े हों। इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन पत्र (फार्म-च) भरना होगा।
प्रदेश निर्वाचक मंडल के किसी भी 10 सदस्य किसी योग्य उम्मीदवार का संयुक्त रूप से नाम प्रस्तावित कर सकते हैं, लेकिन ये प्रस्ताव कम से कम एक-तिहाई जिलों से आना अनिवार्य होगा।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य का चयन
राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव भी पार्टी संविधान की धारा (2) के अंतर्गत प्रदेश परिषद द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक राज्य को उसकी लोकसभा सीटों की संख्या के आधार पर प्रतिनिधित्व दिया जाएगा, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अनुसूचित जाति और जनजाति से संबंधित प्रतिनिधियों की संख्या राज्य में इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों से कम न हो।
राज्य को दो-दो लोकसभा क्षेत्रों को मिलाकर विभिन्न खंडों में विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक खंड से कम से कम एक प्रतिनिधि का निर्वाचन अनिवार्य होगा।
Read News: भाजपा में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति पर मंथन, राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर भी चर्चाएं तेज