20 रुपये के नोट के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा, रोडवेज बस से गिरकर यात्री गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- पुवायां क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब रोडवेज बस में सफर कर रहे एक यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह बस से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
- इस दौरान बस का पहिया उसके हाथ पर चढ़ गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया।
- जानकारी के अनुसार बंडा क्षेत्र के गांव लुहिची निवासी सतीश कुमार मंगलवार सुबह बंडा से शाहजहांपुर जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुए थे।
- यात्रा के दौरान उन्होंने टिकट के लिए परिचालक सायरा बानो को पैसे दिए थे, जिसके बाद शेष राशि उनके टिकट पर दर्ज कर…
शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब रोडवेज बस में सफर कर रहे एक यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह बस से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान बस का पहिया उसके हाथ पर चढ़ गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया।
जानकारी के अनुसार बंडा क्षेत्र के गांव लुहिची निवासी सतीश कुमार मंगलवार सुबह बंडा से शाहजहांपुर जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान उन्होंने टिकट के लिए परिचालक सायरा बानो को पैसे दिए थे, जिसके बाद शेष राशि उनके टिकट पर दर्ज कर दी गई थी।
पुवायां क्षेत्र से आगे बढ़ने के बाद सतीश कुमार परिचालक से बचे हुए पैसे लेने के लिए पहुंचे। इसी दौरान 20 रुपये का एक नोट बस के दरवाजे के पास गिर गया। नोट उठाने के प्रयास में वे अचानक संतुलन खो बैठे और बस से नीचे गिर गए। गिरने के दौरान उनका एक हाथ बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद बस चालक हरजीत सिंह ने वाहन रोककर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पुवायां सीएचसी भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार सतीश कुमार का दाहिना हाथ गंभीर रूप से कुचल गया है। घटना के बाद पुलिस ने बस को बड़ागांव चौकी पर खड़ा करा लिया है और यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यात्री के बस से गिरकर घायल होने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.