फिरोजपुर में पिकअप और ट्रॉली की टक्कर में 8 की मौत, 15 से अधिक लोग घायल

पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। फाजिल्का रोड स्थित जंगा वाले मोड़ के पास पिकअप वाहन और घोड़ा ट्राला की आमने-सामने की टक्कर में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार लोग एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जंगा वाले मोड़ के पास सामने से आ रहे घोड़ा ट्राला से वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे कई लोग फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि कई घायल गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाए गए। सिविल अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया।
सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.