टेक्सास की वैलेरो रिफाइनरी में जोरदार विस्फोट, आसमान में छाया काला धुआं

अमेरिका के टेक्सास राज्य में स्थित प्रमुख तेल रिफाइनरियों में से एक वैलेरो एनर्जी की रिफाइनरी में सोमवार शाम जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई घरों में कंपन महसूस किया गया और आसमान में दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना टेक्सास के पोर्ट आर्थर स्थित रिफाइनरी में हुई, जहां विस्फोट के बाद आग भी लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई और आसपास के मकान भी हिल गए। हालांकि अब तक किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशासन ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों से घरों के भीतर ही रहने की अपील की है। वहीं दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई हैं।
पोर्ट आर्थर अग्निशमन विभाग के अधिकारी एंटोनियो मिशेल ने बताया कि दमकल की टीमें घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी हैं और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
वायु गुणवत्ता की निगरानी जारी
अधिकारियों ने बताया कि संभावित जहरीले पदार्थों के रिसाव को ध्यान में रखते हुए इलाके की वायु गुणवत्ता की लगातार जांच की जा रही है। साथ ही टेक्सास परिवहन विभाग ने लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर रिफाइनरी के आसपास के क्षेत्रों में स्थित एसएच-87 और एसएच-82 मार्गों से फिलहाल बचने की सलाह दी है।
अमेरिका की प्रमुख रिफाइनरियों में शामिल
पोर्ट आर्थर में स्थित यह रिफाइनरी अमेरिका की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में गिनी जाती है। ह्यूस्टन से लगभग 90 मील दूर खाड़ी तट पर स्थित यह संयंत्र भारी कच्चे तेल को प्रोसेस कर प्रतिदिन करीब 4.35 लाख बैरल गैसोलीन, डीजल और जेट ईंधन का उत्पादन करने की क्षमता रखता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.