अलीगढ़: चलती रोडवेज बस के चालक की हार्ट अटैक से मौत, सभी यात्री सुरक्षित

अलीगढ़। बेसवां क्षेत्र के पास गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मथुरा डिपो की रोडवेज बस के चालक की चलते-चलते तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चालक के अचानक बेहोश होने के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे और एक गाय से जा टकराई। हालांकि बस में सवार यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, यूपी-78 केटी-3189 नंबर की रोडवेज बस मथुरा से मुरादाबाद जा रही थी। बस को मथुरा के रामपुर अडिंग क्षेत्र निवासी चालक गणेश चला रहे थे। दोपहर के समय जब बस फोंदानगला गांव के पास पहुंची, तभी चालक को अचानक हार्ट अटैक आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक की हालत बिगड़ते देख यात्रियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई, लेकिन इससे पहले ही बस नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे एक बिजली के पोल तथा गाय से टकरा गई। इसके बाद यात्रियों ने किसी तरह बस को संभाला और बड़ा हादसा होने से रोक दिया।
घटना के बाद चालक को तत्काल पास के मंगलायतन विश्वविद्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और रोडवेज अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। बताया गया है कि मृतक चालक गणेश संविदा पर कार्यरत थे। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्र छोड़ गए हैं। परिवार में उनकी मृत्यु से शोक का माहौल है।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.