इलाहाबाद हाईकोर्ट: मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने नए न्यायाधीशों को दिलाई शपथ

इलाहाबाद हाईकोर्ट में सोमवार को नवनियुक्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार राय और न्यायाधीश राजीव लोचन शुक्ल को मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय लखनऊ पीठ में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे, जबकि न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल प्रयागराज में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में वकालत कर रहे थे। इन दोनों के नामों की सिफारिश मार्च 2025 में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा की गई थी, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया। इसके पहले, पिछले सप्ताह अधिवक्ता अरुण कुमार ने भी न्यायमूर्ति के रूप में शपथ ली थी।
अब इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश समेत न्यायाधीशों की संख्या 87 हो गई है, जबकि स्वीकृत पद 160 हैं। हाल ही में तीन न्यायाधीशों का स्थानांतरण हुआ है, जिससे यह संख्या 84 रह जाएगी। शपथ ग्रहण के मौके पर अदालतें सुबह 10:45 बजे बैठीं। इस दौरान वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी, न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी, न्यायमूर्ति डॉ. शेखर कुमार यादव, न्यायमूर्ति कृष्ण पहल और न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र समेत कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित थे।
न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल के पिता महेश नारायण शुक्ल 1983 से 1985 तक इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे। न्यायमूर्ति राजीव लोचन शुक्ल फतेहपुर जिले की बिंदकी तहसील के खजुहा कस्बे के मूल निवासी हैं और वर्तमान में प्रयागराज के सिविल लाइंस में निवास कर रहे हैं। उन्होंने लंबे समय तक आपराधिक और सिविल मामलों में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्य किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.