छपरा में निजी चिकित्सक के अपहरण की कोशिश, चलती कार से कूदकर बची जान

छपरा शहर में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर थाना क्षेत्र में एक निजी चिकित्सक के अपहरण का प्रयास किया गया। हथियारबंद बदमाशों ने डॉक्टर को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए चिकित्सक चलती गाड़ी से कूद गए और किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस दौरान फायरिंग की भी सूचना है।
घटना के बाद बदमाशों की कार डाक बंगला रोड पर डीएम आवास के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
क्लीनिक से लौटते समय की वारदात
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के दहियांवा स्थित कुमार हेल्थ केयर रिसर्च सेंटर के संचालक डॉ. सजल कुमार बुधवार रात अपने क्लीनिक से साधनापुरी स्थित आवास लौट रहे थे। जैसे ही वे घर के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें और उनके चालक वीरेंद्र को काबू में ले लिया। इस दौरान चिकित्सक के घर के एक कर्मी नीतीश को भी बदमाश अपने साथ ले गए।
कोहरे का फायदा उठाकर डॉक्टर ने बचाई जान
बताया जाता है कि बदमाश तेज रफ्तार में कार को शहर के अलग-अलग इलाकों से ले जा रहे थे। नगर पालिका चौक के पास कोहरे के कारण वाहन की गति धीमी हुई, इसी दौरान डॉ. सजल कुमार ने मौके का फायदा उठाते हुए कार से छलांग लगा दी और अंधेरे में ओझल हो गए। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
चालक से मारपीट, कार दुर्घटनाग्रस्त
चालक वीरेंद्र ने बताया कि बदमाश पहले मौना चौक की ओर जा रहे थे, लेकिन सड़क बंद मिलने पर साहेबगंज की ओर मुड़े। वहां भी ट्रक खड़ा होने के कारण रास्ता बदलना पड़ा। तेज रफ्तार में गाड़ी डाक बंगला रोड पर डीएम आवास के पास एक बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे के बाद बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए। मारपीट में घायल चालक का इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राम पुकार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार और भगवान बाजार थाना अध्यक्ष सुभाष कुमार भी जांच में शामिल रहे। पुलिस ने पीड़ित चिकित्सक, चालक और कर्मी से पूछताछ की है।
साथ ही साधनापुरी स्थित आवास और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.