बिहार: मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हमला, वाहन क्षतिग्रस्त

बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री और खजौली से भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद पर कथित रूप से हमले की घटना सामने आई है। इस घटना में मंत्री का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि वे पूरी तरह सुरक्षित रहे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंत्री अरुण शंकर प्रसाद कलुआही थाना क्षेत्र के ठाहर गांव पहुंचे थे। वे वहां सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक कृष्ण कुमार ठाकुर के परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने गए थे। मृतक कृष्ण कुमार ठाकुर, जुगे ठाकुर के पुत्र थे, जिनकी हाल ही में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
बताया जा रहा है कि मंत्री के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं और पुरुष शामिल थे, मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने मंत्री के काफिले का विरोध करते हुए उनके वाहन पर हमला कर दिया, जिससे गाड़ी को नुकसान पहुंचा।
हालांकि इस दौरान मंत्री को किसी तरह की चोट नहीं आई और वे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि मंत्री पीड़ित परिवार से मिलने गए थे, लेकिन वहां मौजूद कुछ लोगों ने अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और उनके वाहन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मौके से जुटाए गए साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.