चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर सस्पेंस खत्म, राम मंदिर ट्रस्ट ने की पुष्टि

अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। दोनों के इस्तीफों को लेकर पिछले दो दिनों से चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की है।
शुक्रवार को दिनभर चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे की खबरें सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चा का विषय बनी रहीं। हालांकि उस समय ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था, जिसके चलते स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
उस दौरान चंपत राय से संपर्क करने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। वहीं, कारसेवकपुरम स्थित उनके आवास से जुड़े सेवादारों और सहयोगियों ने भी इस्तीफे की खबरों को खारिज कर दिया था।
कारसेवकपुरम के सेवादार सुबोध मिश्रा और शिवदास सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि चंपत राय ने इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने मीडिया में चल रही खबरों को भ्रामक बताते हुए कहा था कि ऐसी किसी जानकारी की पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच, ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने भी मीडिया में चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे कुछ लोग इस्तीफे की पुष्टि होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी उस समय इस्तीफे की खबरों की पुष्टि नहीं की थी।
हालांकि अब ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने स्पष्ट कर दिया है कि महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा दोनों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के कारणों को लेकर फिलहाल ट्रस्ट की ओर से कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भी ट्रस्ट चर्चा में रहा है। ऐसे समय में दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफे को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब सभी की नजर ट्रस्ट की आगामी कार्यवाही और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति पर रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.