गैरसैंण बजट सत्र पर कांग्रेस का आरोप, लोकतांत्रिक परंपराओं का हुआ उल्लंघन

देहरादून: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में हाल ही में संपन्न बजट सत्र के बाद कांग्रेस नेताओं ने आज देहरादून में प्रेसवार्ता की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
यशपाल आर्य ने कहा कि गैरसैंण बजट सत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संसदीय परंपराओं का उल्लंघन हुआ। उन्होंने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही बजट पेश करना स्थापित संसदीय प्रथाओं के खिलाफ है। बजट चर्चा के दौरान मंत्रियों और भाजपा विधायकों की न्यूनतम उपस्थिति को उन्होंने जनता के प्रति जवाबदेही में कमी बताया।
विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि विकासनगर, मसूरी और यमुना कॉलोनी में सरकारी एवं सिंचाई विभाग की कीमती संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की योजना बनाई जा रही है। यशपाल आर्य ने स्पष्ट किया कि 1.11 लाख करोड़ रुपये के बजट के साथ ही राज्य का कर्ज लगभग 1.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई और पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचते हुए केवल अपना एजेंडा चलाया। विपक्ष ने इस बजट सत्र को लोकतांत्रिक मूल्यों और पारदर्शिता के लिए चुनौतीपूर्ण बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.