देहरादून: मां डाट काली मंदिर के महंत रमन प्रसाद गोस्वामी का निधन

देहरादून। प्रसिद्ध मां डाट काली मंदिर के महंत रमन प्रसाद गोस्वामी का बुधवार शाम निधन हो गया। वह करीब 60 वर्ष के थे और लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
महंत रमन प्रसाद गोस्वामी मां डाट काली मंदिर के नौवें महंत थे और वर्ष 2007 से इस पद पर सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल बन गया। देर रात उनका पार्थिव शरीर सुभाषनगर स्थित आवास पर लाया गया। परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह हरिद्वार में किया जाएगा।
बताया गया कि पिछले करीब ढाई वर्षों से उनका स्वास्थ्य लगातार खराब चल रहा था। 25 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी रही और अंततः उनका निधन हो गया।
महंत रमन प्रसाद गोस्वामी ने अपने पिता महंत भगवती प्रसाद गोस्वामी के निधन के बाद 2007 में मंदिर की गद्दी संभाली थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे—सय्यम गोस्वामी और शुभम गोस्वामी हैं। पिछले कुछ समय से उनकी खराब सेहत के कारण मंदिर की जिम्मेदारियां उनके बेटे ही संभाल रहे थे।
उनके निधन पर धार्मिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने शोक व्यक्त किया। उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा और आचार्य बिपिन जोशी समेत कई प्रमुख हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि हाल ही में 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून दौरे के दौरान मां डाट काली मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महंत रमन प्रसाद गोस्वामी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी भी ली थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.