दिल्ली: जोरदार विस्फोट के बाद गिरी बिल्डिंग, 6 लोग घायल

दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अचानक हुए एक तेज धमाके के बाद एक रिहायशी मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में कई लोग फंस गए थे, जिनमें से अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, इस घटना में छह लोगों के घायल होने की पुष्टि दिल्ली पुलिस की ओर से की गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
दमकल विभाग ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 9 बजकर 37 मिनट पर एक संदिग्ध विस्फोट और उसके बाद इमारत ढहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पांच दमकल गाड़ियां रवाना की गईं और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सिलेंडर फटने के कारण विस्फोट होने और उसके चलते इमारत के गिरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असल कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मिलकर मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को निकालने का काम लगातार कर रही हैं।
स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.