दिल्ली: लोधी कॉलोनी में सीवेज काम के दौरान दीवार गिरी, 1 मजदूर की मौत

दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवेज पाइपलाइन के निर्माण कार्य के दौरान एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, हादसा लोधी होटल के पास निर्माण स्थल पर हुआ, जहां सीवेज लाइन बिछाने का काम चल रहा था।
स्थानीय लोगों की मदद से दो मजदूरों को मलबे से पहले ही बाहर निकाल लिया गया था, जबकि तीसरे व्यक्ति को दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर तुरंत अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल हुए दो लोगों की पहचान राजेश (48) और उमर (20) के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतक की पहचान देवेंद्र (55) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान दीवार कमजोर हो चुकी थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.