दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम: अगले कुछ घंटों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में मौसम जल्द करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली से सटे गुरुग्राम और मानेसर में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा हरियाणा के हिसार, हांसी, सिवानी, महम, तोशाम, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, नूंह और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदलने के आसार हैं। राजस्थान के भिवाड़ी और खैरथल क्षेत्र भी इस प्रभाव की जद में रह सकते हैं।
पूर्वानुमान के मुताबिक इन क्षेत्रों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की भी संभावना है, इसलिए खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि देश के कई हिस्सों में बन रही अनुकूल मौसमी परिस्थितियां मानसून की प्रगति के लिए सकारात्मक संकेत दे रही हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों को बल मिल सकता है।
वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर भी उत्तर भारत के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 और 12 जून के दौरान दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के इलाकों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बदलाव के चलते तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.