दिल्ली: तेज रफ्तार कार ने पुलिस सिपाही को कुचला, 19 वर्षीय युवती गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के अशोक विहार इलाके में एक गंभीर सड़क हादसे में बिना ड्राइविंग लाइसेंस कार चला रही 19 वर्षीय युवती ने दिल्ली पुलिस के एक सिपाही को टक्कर मार दी और फिर उसके दोनों पैरों पर कार चढ़ा दी।
- हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- घायल सिपाही की पहचान नांगलोई निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में तैनात हैं और अशोक विहार थाने में ड्यूटी पर कार्यरत थे।
- घटना के समय वह एक काम निपटाने के बाद बाइक से थाने की ओर लौट रहे थे…
दिल्ली के अशोक विहार इलाके में एक गंभीर सड़क हादसे में बिना ड्राइविंग लाइसेंस कार चला रही 19 वर्षीय युवती ने दिल्ली पुलिस के एक सिपाही को टक्कर मार दी और फिर उसके दोनों पैरों पर कार चढ़ा दी। हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल सिपाही की पहचान नांगलोई निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में तैनात हैं और अशोक विहार थाने में ड्यूटी पर कार्यरत थे। घटना के समय वह एक काम निपटाने के बाद बाइक से थाने की ओर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 19 जून की रात जितेंद्र कुमार बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में एक शव पहुंचाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही टोयोटा कोरोला अल्टिस कार ने अचानक बाईं ओर मोड़ लेते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए।
आरोप है कि इसके बाद भी कार नहीं रुकी और चालक ने सिपाही के दोनों पैरों पर वाहन चढ़ा दिया। हादसे में उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें कार के नीचे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
कार चला रही युवती की पहचान 19 वर्षीय ओशिन गुप्ता के रूप में हुई है, जो पश्चिम पंजाबी बाग की रहने वाली बताई जा रही है। घटना के बाद वह मौके पर ही मौजूद रही और पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है।
सूचना मिलने पर अशोक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से कार और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है।
घायल सिपाही के बयान के आधार पर पुलिस ने बिना लाइसेंस वाहन चलाने, लापरवाही और तेज गति से ड्राइविंग करने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर युवती को गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.