दिल्ली में DU की सहायक प्रोफेसर की संदिग्ध मौत, फ्लैट से बरामद हुआ शव

नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक महिला प्रोफेसर का शव उनके फ्लैट से बरामद किया गया। मृतका की पहचान दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज की 45 वर्षीय सहायक प्रोफेसर देवोस्मिता पॉल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, जिस फ्लैट से शव मिला उसका दरवाजा बाहर से बंद था और मौके पर किसी तरह की जबरन एंट्री के संकेत नहीं मिले हैं। इस वजह से पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका हो सकती है।
अकेले रहती थीं प्रोफेसर
जानकारी के मुताबिक, देवोस्मिता पॉल अपने पति से अलग हो चुकी थीं और पिछले कुछ समय से दिल्ली में अपनी बहन के फ्लैट में अकेली रह रही थीं। उनकी बहन शहर के दूसरे हिस्से में निवास करती हैं, जबकि उनके पति बेंगलुरु में रहते हैं।
बताया गया है कि वर्ष 2017 में उनकी शादी हुई थी, लेकिन घरेलू विवाद के चलते 2022 में दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद से वह इसी अपार्टमेंट में रह रही थीं और दो साल पहले उन्हें शिवाजी कॉलेज में स्थायी नियुक्ति मिली थी।
बहन की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने को हत्या की सूचना मिली। कॉल मृतका की बहन ने की थी, जिन्होंने बताया कि उनकी बहन का शव फ्लैट के अंदर पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से फ्लैट का ताला तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिजन और पुलिस दोनों स्तब्ध रह गए, क्योंकि महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
सीसीटीवी और फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि फ्लैट बाहर से बंद होने और जबरन प्रवेश के संकेत न मिलने के कारण मामला संदिग्ध हो गया है। क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, जिनमें खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य भौतिक साक्ष्य शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वारदात के समय और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कई विशेष टीमें जांच में लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी जल्द करने की कोशिश की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.