औंटा-सिमरिया और राजेंद्र सेतु पर किसानों का प्रदर्शन, आवागमन ठप

पटना: बाढ़ प्रभावित मोकामा अनुमंडल में मोकामा नगर परिषद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से सीधे टाल क्षेत्र में छोड़े जा रहे पानी के कारण सैकड़ों बीघा में तैयार फसल डूब गई है। किसानों की लगातार गुहार के बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
गुस्साए किसानों ने शुक्रवार को पटना-बेगूसराय मार्ग (NH-31, NH-31A), नई सिक्स लेन पुल (ओंटा-सिमरिया) और राजेंद्र सेतु सहित सभी प्रमुख रास्तों पर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। इस वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पैदल यात्रियों समेत आम लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
किसानों का आरोप है कि नगर परिषद की लापरवाही से रोजाना लाखों लीटर वेस्टेज पानी टाल में गिराया जा रहा है, जिससे उनकी तैयार फसल बर्बाद हो रही है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मोकामा थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर संतोष कुमार और हाथीदह थाना अध्यक्ष रंजन कुमार ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि वुडको अधिकारियों से बात की गई है और तात्कालिक राहत के लिए हैवी पंप लगाकर पानी को टाल की बजाय सीधे गंगा में छोड़ने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग जल्द ही किसानों को इस समस्या से निजात दिलाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.