पौड़ी के जंगलों में भयंकर आग, लोगों में दहशत

श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी)। डांग–ऐंठना और कीर्तिनगर विकासखंड के जंगलों में शनिवार शाम अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसने वन संपदा को गंभीर नुकसान पहुंचाया। आग की तीव्रता इतनी थी कि डांग क्षेत्र की कुछ रिहायशी बस्तियों तक पहुंच गई, जिससे स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया।
वनाग्नि पहले जीएसटी भवन के पीछे से शुरू हुई और तेजी से फैलते हुए एसएसबी फायरिंग रेंज तक पहुँच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची, लेकिन दुर्गम इलाके और तीव्र आग के कारण उन्हें नियंत्रण पाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग रातभर जंगलों में जलती रही।
इसी बीच, कीर्तिनगर विकासखंड के चौरास स्थित सेन्द्री और धद्दी घंडियाल के जंगलों में भी आग ने उत्पात मचाया। सूखी चीड़ की पत्तियों और वन क्षेत्र में फैली सूखी झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलती रही।
रविवार सुबह मौसम में हल्की बारिश होने से आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका। इस राहत से वन विभाग के अधिकारियों ने भी बड़ी राहत की सांस ली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.