पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी को ‘एनकाउंटर’ की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरपुर में राजद के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मोहम्मद इसराइल मंसूरी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस मामले में उन्होंने सदर थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। मंसूरी ने अर्ज़ी में उल्लेख किया कि 14 नवंबर को मतगणना के बाद जब वे घर लौट रहे थे, उस दौरान उनकी गाड़ी को घेरने और हमला करने का प्रयास किया गया था। उस समय उन्होंने स्थिति को शांत रखते हुए घटना को तूल नहीं दिया और वहां से निकल गए।
इसके बावजूद 19 नवंबर को सोशल मीडिया पर उनके एक वीडियो पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए उन्हें जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। इन धमकियों के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।
एनकाउंटर की धमकी से बढ़ी चिंता
कांटी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मंसूरी ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की थी, जिसका वीडियो उन्होंने फेसबुक पर साझा किया था। इसी पोस्ट पर कुछ यूज़रों ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए ‘एनकाउंटर’ करा देने जैसी धमकियां दीं। मंसूरी का कहना है कि हाल के दिनों में कुछ अपरिचित लोग लगातार उनकी गतिविधियों पर नज़र रख रहे हैं, जिससे खतरे की आशंका और गहरा गई है। उनका दावा है कि उनके दौरे, बैठकों और आवास के आसपास संदिग्ध हलचल दिखाई दे रही है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू
धमकी के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अस्मित कुमार के अनुसार, राजद नेता के आवेदन पर केस दर्ज कर एसआई ब्रजेश कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट पर किए गए कमेंट्स के लिंक प्राप्त कर लिए हैं और इन्हीं के आधार पर धमकी देने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.