गुरु तेग बहादुर का 350वां शहीदी दिवस: नगर कीर्तन के मार्ग पर मांस-शराब दुकानें रहेंगी बंद

चंडीगढ़। पंजाब में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीद दिवस के अवसर पर चार नगर कीर्तन निकाले जाएंगे, जो राज्य के सभी जिलों से होते हुए अंतिम रूप से श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। नगर कीर्तन की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
पहली बार पंजाब सरकार ने निर्णय लिया है कि जिन मार्गों से नगर कीर्तन गुजरेंगे, उन दिनों मांस, शराब और तंबाकू की दुकानों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इसका अनुपालन सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुनिश्चित करेंगे। इस आयोजन को सफल बनाने का बीड़ा राज्य सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने उठाया है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, पर्यटन मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद और विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा को अंतिम रूप दिया है।
नगर कीर्तन का रूट:
-
पहला नगर कीर्तन: 19 नवंबर को श्रीनगर से प्रारंभ होगा और जम्मू, पठानकोट व होशियारपुर होते हुए श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
-
दूसरा नगर कीर्तन: 20 नवंबर को गुरदासपुर से शुरू होकर बटाला, बाबा बकाला, अमृतसर, श्री खडूर साहिब, तरनतारन, श्री गोइंदवाल साहिब, कपूरथला, जालंधर, फगवाड़ा, बंगा, बलाचाैर, नवांशहर और रोपड़ से गुजरते हुए श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
-
तीसरा नगर कीर्तन: 20 नवंबर को फरीदकोट से रवाना होकर फिरोजपुर, मोगा, जगरांओ, लुधियाना, खन्ना, मंडी गोबिंदगढ़, सरहिंद, श्री फतेहगढ़ साहिब, चमकौर साहिब, रोपड़ होते हुए श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
-
चौथा नगर कीर्तन: 19 नवंबर को तलवंडी साबो से शुरू होकर तख्त श्री दमदमा साहिब, बठिंडा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, राजपुरा, बनूड़, जीरकपुर, मोहाली, रोपड़ होते हुए 22 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगा।
भव्य तैयारी:
23 से 25 नवंबर तक मुख्य आयोजन के दौरान श्री आनंदपुर साहिब को सफेद रंग से सजाया जाएगा, जो पवित्रता और शांति का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 29 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं, साथ ही पवित्र स्थलों तक पहुंचाने और वापस लाने के लिए समर्पित शटल बस सेवा भी चलाई जाएगी।
1 नवंबर से 18 नवंबर तक पूरे राज्य में लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा। नगर कीर्तन मार्ग पर कीर्तन दरबार लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए ‘चक्क नानकी’ नामक टेंट सिटी बनाई जाएगी, जिसमें प्रतिदिन 15 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा आयोजन के दौरान सर्व धर्म सम्मेलन, प्रदर्शनी और ड्रोन शो का आयोजन भी किया जाएगा, जो गुरु साहिब के जीवन और उनके संदेश को उजागर करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.