हल्द्वानी: बरेली रोड पर भाई की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार

हल्द्वानी: बरेली रोड इलाके में मेडिकल पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक युवक ने अपने छोटे भाई की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। मृतक गंभीर रूप से लीवर की बीमारी से पीड़ित था। आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों को देशी रिवॉल्वर दिखाकर डराया और किसी को बीच-बचाव नहीं करने दिया।
राम मंदिर बगीचा निवासी 44 वर्षीय सोनू जायसवाल लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था। देर रात उसका बड़ा भाई संदीप जायसवाल नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात पर विवाद के बाद सोनू पर हमला कर दिया। उसने पास रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के चेहरे और सिर पर कई वार किए और उसे बार-बार तख्त पर पटक दिया। परिजन बचाने आए तो संदीप ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिससे सभी डरकर अलग कमरे में चले गए।
लगातार पिटाई से सोनू बेहोश हो गया। बाद में आरोपी ने उसे पानी पिलाकर उठाने की कोशिश की और फिर मौके से फरार हो गया। घर में उस समय सोनू की मां, भाभी और बच्चे मौजूद थे। बड़े भतीजे ने अपने दोस्त की मदद से पुलिस को सूचना दी। घायल सोनू को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। बुधवार को दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
देशी रिवॉल्वर के साथ आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। फोरेंसिक टीम ने रात में ही मौके से सबूत जुटाए। बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपी संदीप को बरेली रोड स्थित गांधी स्कूल के पास से पकड़ लिया। उसके पास से 32 बोर की देशी रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद किए गए। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया स्टील का लोटा भी बरामद कर लिया गया है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पहले भी कई संगीन मामलों में रहा शामिल
पुलिस के मुताबिक संदीप जायसवाल पहले भी गंभीर अपराधों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी जैसे कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 में वह एक कारोबारी की हत्या के मामले में जेल गया था। बाद के वर्षों में भी उस पर कई मुकदमे दर्ज हुए। हाल के सालों में वह जमानत पर बाहर था। अब उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत नए मामले दर्ज किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.