दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट, 11 जून से राहत के संकेत

HIGHLIGHTS
- देश के कई हिस्सों में जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों को अभी भी भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है।
- भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अगले कुछ दिनों तक गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
- मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 10 जून के बीच इन क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है।
- इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
- बढ़ते तापमान के साथ उमस भी लोगों की परेशान…
देश के कई हिस्सों में जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों को अभी भी भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अगले कुछ दिनों तक गर्मी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 10 जून के बीच इन क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बढ़ते तापमान के साथ उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
11 जून के बाद मौसम में बदलाव के संकेत
आईएमडी का अनुमान है कि 11 और 12 जून के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं तापमान में कमी ला सकती हैं और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली में दिनभर तपिश, शाम को बदला मौसम
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह से ही तेज धूप का असर देखने को मिला। सुबह के समय ही तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर तक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
हालांकि दिनभर की तपिश के बाद शाम को मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को अस्थायी राहत महसूस हुई।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी और बारिश दोनों के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 12 जून के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जून को बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बावजूद 9 से 11 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर जारी रहने की आशंका है।
तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में सक्रिय है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम के अतिरिक्त क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की प्रगति के साथ देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन उत्तर भारत को फिलहाल कुछ और दिन गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.