दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से बढ़ी ठंड, तापमान में आई तेज गिरावट

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार देर रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। दिनभर रुक-रुककर हुई बरसात के बाद देर रात को भी कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार का दिन अक्टूबर महीने का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। वर्ष 2011 के बाद यह पहली बार है जब अधिकतम तापमान सामान्य से इतना नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.7 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिली।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर में यह बारिश हो रही है। उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण तथा मध्य पाकिस्तान और पश्चिम राजस्थान तक फैला सिस्टम इस परिवर्तन का मुख्य कारण है। इन मौसमीय परिस्थितियों के चलते राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं चल रहीं हैं।
बीते 24 घंटों में दिल्ली में औसतन 10.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक 3.4 मिमी वर्षा हुई। पालम में 3.2 मिमी, लोधी रोड पर 3.7 मिमी, आया नगर में 3.6 मिमी और पूसा व रिज क्षेत्र में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि उत्तर, पश्चिम और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में झमाझम बारिश की संभावना है। हवा में नमी का स्तर 78 से 100 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर महीने में अब तक तीन दिन बारिश हो चुकी है, जिससे राजधानी में हल्की ठंड का एहसास शुरू हो गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.