दुबई एयर शो में भारतीय फाइटर जेट तेजस क्रैश, पायलट की मौत

दुबई एयर शो के शुक्रवार के उड़ान प्रदर्शन के दौरान भारतीय तेजस एमके-1 लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हो गया। वायु सेना ने पुष्टि की है कि इस हादसे में पायलट की मृत्यु हो गई। स्थानीय समय अनुसार दोपहर 2:10 बजे डेमो उड़ान भरते समय विमान अचानक अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गया। टकराने के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और काले धुएं का गुबार फैल गया।
मौके पर मौजूद सुरक्षा और आपातकर्मी तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान के गिरते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग पर पाया गया काबू
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हेलिकॉप्टर्स और फायर ब्रिगेड ने हादसे के एक घंटे से कम समय में आग पर काबू पा लिया। करीब 45 मिनट में घटना स्थल को नियंत्रित किया गया। हालांकि, कार्यक्रम को दोबारा शुरू किया जाएगा या नहीं, इस पर अभी निर्णय बाकी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और जांच
एयर शो अधिकारियों ने हादसे वाले क्षेत्र को तुरंत बंद कर दिया और सभी उड़ान प्रदर्शन अस्थायी रूप से रोक दिए। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। भारतीय पक्ष भी संपर्क में है और जानकारी जुटा रहा है।
दुबई एयर शो के बारे में
‘The Future is Here’ थीम के तहत यह एयर शो 17 से 21 नवंबर तक दुबई वर्ल्ड सेंट्रल में आयोजित हो रहा है। यह 19वां संस्करण है, जिसमें 200 से अधिक विमानों का प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम में कमर्शियल, मिलिट्री, प्राइवेट जेट, UAV और नई पीढ़ी की एयरोस्पेस तकनीकें शामिल हैं। इस साल 148,000 ट्रेड विजिटर्स और 115 देशों से आए 490 सैन्य और नागरिक प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं।
स्वदेशी और शक्तिशाली तेजस विमान
तेजस एमके-1 पूरी तरह से भारत में निर्मित आधुनिक लड़ाकू विमान है। इसे हल्का और फुर्तीला बनाया गया है ताकि यह विभिन्न कॉम्बैट मिशन आसानी से पूरा कर सके। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा विकसित यह विमान भारतीय रक्षा क्षमता का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
तेजस 4.5 जनरेशन का विमान है, जिसमें आधुनिक एवियोनिक्स, उन्नत हथियार प्रणाली और उच्च मैनूवरिंग क्षमता है। छोटा और हल्का होने के बावजूद यह सुपरसोनिक गति से उड़ान भर सकता है। इसकी तकनीकी विशेषताएं इसे भारतीय वायुसेना के बेड़े का एक भरोसेमंद और शक्तिशाली विमान बनाती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.