रूस-यूक्रेन संघर्ष का असर, मॉस्को में भारतीय कर्मचारी की मौत

रूस के मॉस्को क्षेत्र में रविवार को हुए बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भारतीय कर्मचारी घायल हुए हैं। इस घटना की पुष्टि भारत के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट जारी कर की।
दूतावास ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायल भारतीयों से मुलाकात की। भारतीय मिशन ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित कंपनी के साथ मिलकर घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इस हमले को लेकर बयान देते हुए कहा कि रूस पर किया गया यह जवाबी हमला पूरी तरह उचित है। उनका कहना है कि रूस लगातार यूक्रेन के नागरिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा है, ऐसे में कीव की कार्रवाई को गलत नहीं ठहराया जा सकता।
जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन मॉस्को क्षेत्र तक पहुंचे और यह रूस को स्पष्ट संदेश है कि युद्ध को समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हाल ही में रूस द्वारा कीव पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए थे, जिनमें कई लोगों की जान गई थी।
वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रातभर में बड़े स्तर पर ड्रोन हमला किया, जिसमें लगभग 600 ड्रोन शामिल थे। मंत्रालय के अनुसार, रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने इनमें से 556 ड्रोन को नष्ट कर दिया, जबकि बाकी को सुबह तक रोक लिया गया।
रूस का यह भी कहना है कि यह हमले 14 अलग-अलग क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए गए थे और क्रीमिया, ब्लैक सी तथा आजोव सागर क्षेत्र में भी ड्रोन इंटरसेप्ट किए गए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में कुल चार लोगों की मौत हुई है और इसे अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.