मादुरो–ट्रंप तनाव बढ़ा: अमेरिका ने वेनेजुएला का हवाई क्षेत्र पूरी तरह बंद किया

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि वेनेजुएला और उसके आसपास का हवाई क्षेत्र पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "सभी एयरलाइन, पायलट, ड्रग और मानव तस्करों से अनुरोध है कि वे वेनेजुएला और आसपास के हवाई क्षेत्र को पूर्णतः बंद मानें।"
यह कदम ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी अधिकारियों की ओर से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी सरकार के खिलाफ बयानबाजी जारी है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लड़ाई का हिस्सा है। वहीं, विशेषज्ञ और मानवाधिकार संगठन चेतावनी दे रहे हैं कि अमेरिका मादुरो को सत्ता से हटाने की योजना बना रहा है।
अमेरिका ने कैरिबियाई क्षेत्र में एक विमानवाहक पोत तैनात किया है और उन जहाजों पर हमला किया है, जिन पर ड्रग तस्करी में शामिल होने का आरोप था। इस हमले में दर्जनों लोग मारे गए, जिसकी संयुक्त राष्ट्र ने निंदा की है। ट्रंप ने इस हफ्ते की शुरुआत में चेतावनी दी थी कि वे वेनेजुएला में ड्रग तस्करों को जमीनी स्तर पर निशाना बनाएंगे।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने गुरुवार को राष्ट्रीय टेलीविजन पर कहा कि उनके देश के लोग डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने अमेरिका पर आरोप लगाया कि वह बहाने बना रहा है और झूठ फैला रहा है ताकि वेनेजुएला में हस्तक्षेप को सही साबित कर सके।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन मादुरो की सरकार पर लगातार दबाव बढ़ा रहा है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति और मादुरो के बीच संभावित बातचीत को लेकर जानकारी मिली है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने शुक्रवार को बताया कि ट्रंप ने पिछले हफ्ते मादुरो से बातचीत की थी और दोनों नेताओं के बीच संभावित बैठक पर चर्चा हुई, लेकिन फिलहाल कोई बैठक तय नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.