राजस्थान में बड़े प्रशासनिक फेरबदल, 64 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

जयपुर: राजस्थान सरकार ने देर रात एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की घोषणा की है। इस बदलाव में कुल 64 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 17 डीआईजी और 27 जिलों के एसपी व डीसीपी स्तर के अधिकारियों के पदों में परिवर्तन किया गया है।
उदयपुर में महत्वपूर्ण बदलाव
उदयपुर जिले में भी इस फेरबदल के तहत अहम बदलाव हुए हैं। जिले के पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल को अब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), राजस्थान, जयपुर में एसपी के पद पर तैनात किया गया है। उनके स्थान पर श्रीगंगानगर की एसपी अमृता दुहान को उदयपुर जिले की कमान सौंपी गई है। अमृता दुहान 2016 बैच की राजस्थान कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं। इससे पहले वे श्रीगंगानगर में एसपी के पद पर कार्यरत थीं।
अन्य प्रमुख नियुक्तियाँ
राम मूर्ति जोशी को एंटी करप्शन ब्यूरो, उदयपुर में डीआईजी पद पर तैनात किया गया है। इससे पहले वे जयपुर में एंटी टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) में डीआईजी के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा, नवगठित सलूम्बर जिले में भी नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। विश्वनाथ राम को सलूम्बर जिले का एसपी बनाया गया है।
इसके अलावा पाली, राजसमंद, कोटपुतली-बहरोड़, बांसवाड़ा, डीग और जोधपुर ग्रामीण सहित कई जिलों के एसपी बदले गए हैं। वहीं जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी डीसीपी स्तर पर फेरबदल किया गया है।
सरकार के अनुसार इस बड़े प्रशासनिक बदलाव का उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना और पुलिस प्रशासन को और प्रभावी बनाना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.