उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 19 आईएएस और 11 पीसीएस अफसरों के तबादले

धामी सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव करते हुए अफसरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। इस क्रम में 19 आईएएस और 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। तबादलों के तहत आवास, स्वास्थ्य, पेयजल, सहकारिता, आयुष, नियोजन सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के सचिव बदले गए हैं। साथ ही हाल ही में पदोन्नति पाकर सचिव बने अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
सरकार ने प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम का कार्यभार कम करते हुए उनसे आवास, मुख्य प्रशासक आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण से जुड़ी जिम्मेदारियां वापस ले ली हैं। फिलहाल उन्हें कोई नया विभाग नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री सचिव शैलेश बगौली से पेयजल विभाग हटाकर यह दायित्व रणवीर सिंह चौहान को सौंपा गया है। वहीं रणवीर सिंह चौहान से राज्य संपत्ति और आयुक्त खाद्य का प्रभार वापस ले लिया गया है।
सचिव सचिन कुर्वे को नागरिक उड्डयन के साथ-साथ चिकित्सा स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, आयुक्त स्वास्थ्य और प्रोजेक्ट डायरेक्टर हेल्थ सिस्टम की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। सचिव वित्त दिलीप जावलकर से निदेशक ऑडिट का दायित्व हटा दिया गया है, जबकि अन्य विभाग उनके पास बने रहेंगे। पशुपालन सचिव डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम से सहकारिता विभाग लेकर हाल ही में सचिव बने डॉ. अहमद इकबाल को सौंपा गया है।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार से स्वास्थ्य विभाग का प्रभार हटाकर उन्हें आवास, राज्य संपत्ति विभाग, आयुक्त आवास तथा उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अहमद इकबाल से अपर सचिव के रूप में सभी विभाग हटा दिए गए हैं।
सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी से सचिवालय प्रशासन और आयुष व आयुष शिक्षा विभाग वापस ले लिए गए हैं। सचिव विनोद कुमार सुमन से सामान्य प्रशासन और उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एंड रेजिलिएंस प्रोजेक्ट का दायित्व हटाया गया है। अन्य विभाग यथावत रखे गए हैं। सचिव रंजना राजगुरु से अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा हटाकर उन्हें आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग सौंपा गया है।
सचिव आनंद स्वरूप से आपदा प्रबंधन सहित सभी पूर्व विभाग हटाते हुए उन्हें खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, आयुक्त खाद्य और उत्तराखंड डिजास्टर प्रिपेयर्डनेस एंड रेजिलिएंस प्रोजेक्ट का प्रभार दिया गया है। सचिव देव कृष्ण तिवारी को नियोजन विभाग सौंपा गया है, जबकि उनके अपर सचिव स्तर के सभी दायित्व समाप्त कर दिए गए हैं।
सचिव उमेश नारायण पांडेय को पुनर्गठन और भाषा विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सचिव राजेंद्र कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग सौंपा गया है। अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को अब निर्वाचन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
नैनीताल की मुख्य विकास अधिकारी अनामिका को फिलहाल बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। आईएएस अधिकारी प्रवीण कुमार की बाध्य प्रतीक्षा समाप्त करते हुए उन्हें अपर निदेशक शहरी विकास और अपर नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वित्त सेवा के अपर सचिव मनमोहन मैनाली को निदेशक ऑडिट बनाया गया है।
11 पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले
सरकार ने 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची भी जारी की है। संभागीय खाद्य नियंत्रक अरविंद पांडे को मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल नियुक्त किया गया है। पीसीएस दिनेश प्रताप सिंह से डोईवाला चीनी मिल का प्रभार हटाया गया है, जबकि अन्य आवासीय दायित्व उनके पास रहेंगे।
रुद्रप्रयाग के एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला को एसडीएम हरिद्वार बनाया गया है। हरिद्वार में तैनात पीसीएस दयानंद से एसडीएम का दायित्व हटाया गया है, हालांकि वह अपर मेलाधिकारी बने रहेंगे। पौड़ी की एसडीएम नुपुर को डोईवाला चीनी मिल का अधिशासी निदेशक बनाया गया है।
देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह से जीएमवीएन का प्रभार हटाकर उन्हें एमडीडीए में संयुक्त सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। चंपावत के एसडीएम आकाश जोशी को एसडीएम हरिद्वार के साथ उप मेलाधिकारी भी नियुक्त किया गया है। एसडीएम नैनीताल राहुल शाह को ऊधमसिंह नगर, टिहरी के एसडीएम संदीप कुमार को पौड़ी, पिथौरागढ़ के एसडीएम मंजीत सिंह गिल को उप मेलाधिकारी हरिद्वार और बागेश्वर के एसडीएम ललित मोहन तिवारी को एसडीएम पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.