उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 19 IAS और 10 PCS अधिकारियों के तबादले

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में कई जिलों और विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सबसे अहम बदलाव देहरादून और गढ़वाल मंडल में देखने को मिला है।
सरकार ने आईएएस अधिकारी आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है, जबकि अपूर्वा पांडेय को बागेश्वर जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं, वर्तमान डीएम सविन बंसल को नियोजन विभाग में सचिव बनाया गया है। राजधानी में नगर निगम स्तर पर भी बदलाव किया गया है। नगर आयुक्त नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि आलोक कुमार पांडेय को नया नगर आयुक्त देहरादून बनाया गया है।
गढ़वाल मंडल में भी प्रशासनिक बदलाव करते हुए आनंद स्वरूप को मंडलायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनय शंकर पांडेय को सचिव स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे सचिन कुर्वे को केंद्र सरकार के लिए रिलीव कर दिया गया है।
सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में भी बदलाव करते हुए डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सचिव उच्च शिक्षा नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी पहले डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा के पास थी। इसके अलावा आईएएस सोनिका से आयुक्त कर का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
एनएचएम में भी बड़ा बदलाव हुआ है। मनुज गोयल से मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिम्मेदारी वापस लेकर यह दायित्व संदीप तिवारी को दिया गया है। वहीं संजय कुमार को समाज कल्याण विभाग का निदेशक बनाया गया है।
आईएएस अभिषेक रूहेला को पीएमजीएसवाई का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन और यू-प्रिपेयर परियोजना निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। दीप्ति सिंह को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण निगम और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा और कर्मचारी बीमा योजना के निदेशक का दायित्व दिया गया है। वहीं प्रतीक जैन को आयुक्त कर नियुक्त किया गया है।
पीसीएस अधिकारियों के स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज और विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। इलागिरी को दुग्ध विकास और महिला डेयरी विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन, फिंचाराम को अपर जिलाधिकारी पौड़ी, अनिल गर्ब्याल को परिवहन निगम का महाप्रबंधक और जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। योगेश मेहरा को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार और प्रमोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर चंपावत की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिवालय सेवा में भी बदलाव करते हुए महावीर सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव और सुनील सिंह को गृह विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
माना जा रहा है कि आगामी चुनावों और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.