दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में भीषण आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में रविवार तड़के आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग कोर्ट की दूसरी मंजिल पर स्थित स्कैनिंग रूम में लगी, जिससे वहां रखा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे पास में मौजूद महत्वपूर्ण रिकॉर्ड रूम सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5:22 बजे की है। उस समय अदालत में अवकाश होने के कारण आम लोगों की आवाजाही नहीं थी और केवल सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद थे। आग का पता चलते ही उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग की चपेट में आने से स्कैनिंग रूम में रखे लैपटॉप और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास ने बताया कि इस कक्ष में अदालत के दस्तावेजों को डिजिटल स्वरूप में बदलने का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि यह घटना किसी कार्यदिवस पर होती, तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी क्योंकि उस समय अदालत परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहते हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.