हरिद्वार में अधजली महिला हत्या का खुलासा, प्रेम विवाद में हुआ कत्ल

हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में हाईवे किनारे अधजली हालत में पाई गई महिला की हत्या का रहस्य पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सुलझा लिया है। जांच में मृतिका सीमा खातून के प्रेमी सलमान और महिला साथी मेहरुन्निशा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंधों के विवाद के चलते सलमान और मेहरुन्निशा ने मिलकर सीमा की हत्या की और शव को पहचान छुपाने के लिए श्यामपुर के पास डीजल डालकर जला दिया।
एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने शुक्रवार को मायापुर स्थित एसपी सिटी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि सलमान उधमसिंह नगर का निवासी है और वह किसी और से विवाह करना चाहता था। इस कारण सीमा खातून अक्सर उससे झगड़ा करती थी। 17 अक्टूबर की शाम ट्रक के अंदर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि सलमान ने मेहरुन्निशा की मदद से सीमा का गला दबा दिया। इसके बाद शव को ट्रक में रखकर हरिद्वार लाया गया और श्यामपुर के एक खाली प्लॉट में जला दिया। घटना 18 अक्टूबर को सामने आई थी, जब ग्राम गाजीवाली के पास हाईवे किनारे अधजला शव मिला।
सीओ सिटी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्यामपुर की टीम ने लगभग 300 से 400 वाहनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और एएनपीआर कैमरों की मदद से संदिग्ध सफेद कंटेनर ट्रक का सुराग उधमसिंह नगर तक पाया। पुलिस ने मेहरुन्निशा को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में हत्या की पूरी बात कबूल की। महिला ने बताया कि सीमा ने पहले उसके बेटे को एनडीपीएस मामले में जेल भेजवाया था, जिससे वह रंजिश रखती थी।
एसपी मेहरा ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान सलमान पुत्र घसीटा खां को श्यामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल ट्रक और डीजल बरामद हुआ। आरोपी महिला मेहरुन्निशा को पहले ही हिरासत में लिया गया था। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।
हत्याकांड के पर्दाफाश में सीआईयू हरिद्वार और थाना श्यामपुर की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह विष्ट (प्रभारी सीआईयू), थानाध्यक्ष मनोज शर्मा, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, नवीन चौहान, हेडकांस्टेबल मनमोहन सिंह, देशराज और कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.