मुजफ्फरनगर में कथित सामूहिक धर्मांतरण का मामला, 12 लोग हिरासत में; तीन धार्मिक पुस्तकें बरामद

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के जड़ौदा गांव में कथित सामूहिक धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में पुलिस ने सात पुरुष और पांच महिलाओं सहित कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
- मौके से बाइबल की किताबें और पहचान पत्र बरामद हुए हैं, जबकि बजरंग दल ने प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है।
- पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
मुजफ्फरनगर: जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में कथित सामूहिक धर्मांतरण के प्रयास का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से सात पुरुष और पांच महिलाओं सहित कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से तीन बाइबल और कुछ पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं।

कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5(1) के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में राशिद, मनीष, संजीव, संगीता, पूजा, मोनू, आशु, चांदनी, सरिता, अमरीश, कार्तिक, कनक, शीशपाल और प्रवीण समेत 14 लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रलोभन देकर धर्मांतरण के आरोप
बजरंग दल के जिला संयोजक रवि चौधरी ने आरोप लगाया है कि गांव के एक गोदाम में आसपास के इलाकों से करीब 200 लोगों को इकट्ठा किया गया था। आरोप है कि उन्हें आर्थिक मदद, इलाज और अन्य प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्य आरोपी राशिद इस पूरे कार्यक्रम का संचालन कर रहा था और वहां चर्च स्थापित करने की तैयारी भी की जा रही थी।

पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें गठित
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के संकेत मिले हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.