मुजफ्फरनगर: रालोद शुरू करेगी प्रदेशव्यापी ‘खिलाड़ी संपर्क अभियान’

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की खेल प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता तोमर उर्फ कविता दलाल ने खिलाड़ियों के हितों को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि अब पार्टी सीधे खिलाड़ियों से जुड़कर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएगी।
प्रदेशभर में चलेगा ‘खिलाड़ी संपर्क अभियान’
कविता दलाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रालोद जल्द ही प्रदेशव्यापी ‘खिलाड़ी संपर्क अभियान’ शुरू करेगा। इसके तहत अलग-अलग जिलों में खिलाड़ियों, कोच और खेल संगठनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जुटाए जाएंगे।

खेल सुविधाओं की कमी पर जताई चिंता
उन्होंने कहा कि कई स्टेडियम और खेल मैदान आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण व्यवस्था मिले तो प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
युवाओं को संगठन से जोड़ने की पहल
कविता दलाल ने कहा कि रालोद युवाओं और खिलाड़ियों को संगठन से जोड़कर उनके भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के हर वर्ग की आवाज बनने का प्रयास कर रही है।

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कविता दलाल का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने उम्मीद जताई कि यह अभियान प्रदेश के खेल क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.