प्रसव में कथित लापरवाही से नवजात की मौत, परिजनों ने CMO से की शिकायत

मुजफ्फरनगर में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही से नवजात की मौत का मामला सामने आने के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पीड़ित परिवार शनिवार दोपहर करीब एक बजे पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपी डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।

परिजनों का आरोप है कि कच्ची सड़क क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में 3 जुलाई की रात प्रसव पीड़ा के चलते कोमिन्ता की पुत्री अंकेश को भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन की प्रक्रिया तय करते हुए उनसे पैसे भी जमा कराए, लेकिन तय समय पर ऑपरेशन नहीं किया गया।
आरोप यह भी है कि ऑपरेशन में देरी के दौरान महिला को दवाइयां और इंजेक्शन दिए गए तथा लगातार पेट पर दबाव बनाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल की ओर से यह कहकर मरीज को रेफर कर दिया गया कि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं है।
इसके बाद परिजन गंभीर हालत में प्रसूता को दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में डॉक्टरों ने बताया कि अत्यधिक दबाव के कारण गर्भ में ही शिशु की मृत्यु हो चुकी थी। साथ ही प्रसूता के गर्भाशय और मूत्राशय में गंभीर क्षति होने की बात भी सामने आई, जिसके बाद तुरंत ऑपरेशन किया गया।

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर विरोध जताया और आरोप लगाया कि संपर्क करने पर संबंधित महिला डॉक्टर ने फोन तक रिसीव नहीं किया।
पीड़ित परिवार ने CMO कार्यालय में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। साथ ही सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.