पुराना वीडियो फिर वायरल, नितिन नवीन को लेकर नीतीश की नसीहत चर्चा में

पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो खासे चर्चा में हैं। एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़े हालिया वीडियो को लेकर विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का पुराना वीडियो भी सियासी बहस का विषय बना हुआ है। इसी क्रम में एक तीसरा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा विधायक नितिन नवीन को विधानसभा में नसीहत देते नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो वर्ष 2023 का बताया जा रहा है, जब राज्य में महागठबंधन की सरकार थी और भाजपा विपक्ष में थी। विधानसभा के भीतर बहस के दौरान नितिन नवीन जब सरकार पर टिप्पणी करने लगे, तब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें बैठने को कहा और उनके पिता से जुड़े पुराने राजनीतिक संबंधों का उल्लेख किया। नीतीश कुमार ने उस समय यह भी कहा था कि राजनीति में आगे बढ़ने के लिए बोलना जरूरी है और पार्टी नेतृत्व उसी आधार पर निर्णय करता है।
कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद फिर सामने आया वीडियो
दरअसल, भाजपा द्वारा नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह पुराना वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो के साथ लोग अलग-अलग तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे राजनीतिक व्यंग्य के तौर पर साझा कर रहे हैं, तो कुछ इसे मौजूदा घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पुराने वीडियो को वर्तमान घटनाओं से जोड़कर पेश करना अब सोशल मीडिया की आम प्रवृत्ति बन चुकी है। हालांकि, यह वीडियो उस समय के राजनीतिक संदर्भ और विधानसभा की बहस का हिस्सा था, जिसे अब नई भूमिका और नए घटनाक्रम के साथ देखा जा रहा है।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.