मुंगेर में पुलिस पर हमला, शराब तस्कर छुड़ाया; सिपाही की पिस्टल छीनी

मुंगेर जिले के नयारामनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पाटम पूर्व पंचायत के कन्हैयाचक गांव में मुफस्सिल थाना की हसनपुर क्यूआरटी टीम के बाइक दस्ते पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस झड़प में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका पिस्टल और मोबाइल फोन भी गायब हो गया।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर क्यूआरटी टीम को सूचना मिली थी कि काले रंग की बाइक पर एक व्यक्ति शराब लेकर नौवागढ़ी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पांच पुलिसकर्मी तीन बाइकों पर सवार होकर संदिग्ध का पीछा करने लगे। पुलिस को पीछा करते देख आरोपी कन्हैयाचक गांव की ओर भाग गया, जहां उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान वार्ड संख्या एक के वार्ड सदस्य मनीष कुमार के रूप में हुई है। जब पुलिस उसे हिरासत में लेकर जाने लगी, तो गांव के लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम से उलझ पड़े। इसी दौरान हाथापाई में सिपाही सोनू कुमार को गंभीर चोटें आईं और उसका सरकारी पिस्टल व मोबाइल फोन छीन लिए जाने की बात सामने आई। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को अपनी बाइक मौके पर छोड़कर जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। गुस्साए लोगों ने पुलिस की बाइक को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी ने अपने मोबाइल से पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जिसके आधार पर वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। वीडियो की जांच में वार्ड सदस्य मनीष कुमार समेत कई अन्य युवकों की पहचान की गई है।
सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद के नेतृत्व में मुफस्सिल, नयारामनगर सहित अन्य थानों की पुलिस कन्हैयाचक गांव पहुंची। पुलिस ने घायल जवान के लापता पिस्टल और मोबाइल की तलाश शुरू की, लेकिन टमाटर के खेतों में काफी खोजबीन के बावजूद हथियार बरामद नहीं हो सका।
इस मामले में पुलिस ने रेणु देवी, आरती देवी, वार्ड सदस्य मनीष यादव की पत्नी रितू देवी, उसकी बहन छोटी कुमारी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल हालात पर नजर रखने के लिए पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.