सहारनपुर में आरोपितों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दारोगा घायल

सहारनपुर शहर कोतवाली क्षेत्र की नूरबस्ती कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों और उनके साथ मौजूद लोगों ने पहले पथराव किया और इसके बाद लाठी-डंडों, सरिया व धारदार हथियारों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
इस हमले में एक उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी वर्दी भी फट गई। घटना के दौरान पुलिस टीम संख्या में कम होने के कारण मौके से पीछे हटने और अपनी जान बचाकर लौटने को मजबूर हुई।
जानकारी के मुताबिक, उप निरीक्षक शौकीन खान पुलिस टीम के साथ शहर कोतवाली में दर्ज एक मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नूरबस्ती पहुंचे थे। जैसे ही पुलिस टीम मुख्य आरोपी सोहेल के घर के पास पहुंची, तभी सोहेल, नौशाद, आरिफ, कैफ, आमिर, बाबर, चांदबीबी सहित अन्य लोगों ने मिलकर पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस का कहना है कि स्थिति संभालने और समझाने की कोशिश के दौरान उप निरीक्षक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया गया। आरोप है कि उनके सिर पर सरिया से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की गई।
घटना के बाद टीम ने किसी तरह थाने पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.