राम मंदिर पर आतंकी साजिश का पर्दाफाश, सहारनपुर का युवक सुहैल कर्नाटक से गिरफ्तार

सहारनपुर/गंगोह। अयोध्या स्थित राम मंदिर को कथित रूप से निशाना बनाने की साजिश से जुड़े एक मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सहारनपुर के गंगोह निवासी मोहम्मद सुहैल को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा, जबकि परिवार में गहरी चुप्पी देखी गई।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सुहैल अपने बड़े भाई सुएब के साथ रंगाई-पुताई का काम करता था। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई 6 जून को एक ठेकेदार के माध्यम से काम के लिए कर्नाटक गए थे, जहां जांच एजेंसियों ने सुहैल को हिरासत में लिया। परिवार का कहना है कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी बाद में मिली।
20 साल पहले गंगोह में बसा था परिवार
परिजनों के अनुसार, मोहम्मद सुहैल का परिवार मूल रूप से लखनौती का रहने वाला है और लगभग दो दशक पहले गंगोह में बस गया था। वर्तमान में परिवार मोहल्ला कोटला में किराए के मकान में रह रहा है और मजदूरी व छोटे कामों से अपनी आजीविका चला रहा है।
सुहैल के पिता लियाकत के अनुसार, उनके नौ बच्चे हैं। पांच बेटियों की शादी हो चुकी है। सबसे बड़ा बेटा सऊदी अरब में चालक के रूप में कार्यरत है, जबकि एक अन्य बेटा दिल्ली में कपड़ा व्यवसाय से जुड़ा है। सुहैल सबसे छोटा बेटा है।
परिवार ने जताई अनभिज्ञता
परिजनों का कहना है कि उन्हें सुहैल की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की कोई जानकारी नहीं थी। परिवार के अनुसार वह केवल मजदूरी और रंगाई-पुताई का काम करता था। गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद परिवार पूरी तरह स्तब्ध है।
एजेंसियां कर रही विस्तृत जांच
फिलहाल NIA और ATS आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों, ऑनलाइन संपर्कों और अन्य राज्यों में उसके संभावित नेटवर्क की जांच कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ विदेशी संपर्कों और ऑनलाइन ग्रुप्स की भी जांच की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
इलाके में चर्चा, जांच पर नजर
गिरफ्तारी के बाद मोहल्ला कोटला में स्थानीय लोगों की आवाजाही और चर्चा तेज रही। लोग पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.