पुणे में ‘सोनम जैसा कांड’, मंगेतर की हत्या में प्रेमी संग साजिश का खुलासा

महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट फर्म के निदेशक केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले ने अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। जिसे पहले एक हादसा माना जा रहा था, उसे अब पुलिस ने सुनियोजित हत्या करार देते हुए बड़ा खुलासा किया है।
पुणे पुलिस ने इस मामले में मृतक केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने केतन को लोहागढ़ किले की ऊंचाई से खाई में धक्का देकर उसकी हत्या की साजिश को अंजाम दिया।
यह घटना 18 जून को हुई थी, जब पुणे जिले के गहुंजे निवासी 26 वर्षीय केतन अग्रवाल का शव किले के पास करीब 400 फीट गहरी खाई में मिला था। शुरुआती जांच में इसे ट्रैकिंग के दौरान हुआ हादसा बताया गया था। उस समय सिया गोयल ने पुलिस को सूचना दी थी कि केतन फोटोग्राफी करते समय फिसलकर नीचे गिर गए।
केतन और सिया की इसी साल शादी होनी थी और दोनों परिवारों ने भव्य विवाह की तैयारी भी शुरू कर दी थी।
हालांकि, मामले में संदेह पैदा होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, जांच में सामने आया कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच पिछले लगभग एक साल से नजदीकी संबंध थे और दोनों नहीं चाहते थे कि केतन उनकी जिंदगी में रहे।
जांच में यह भी पता चला कि घटना वाले दिन 18 जून 2026 को सिया और केतन लोहागढ़ किले घूमने गए थे, जहां बाद में चेतन को भी बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि केतन एक अनुभवी ट्रेकर थे, जिससे हादसे की कहानी पर पहले ही संदेह पैदा हो गया था। बाद में मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर इस साजिश का खुलासा हुआ।
लोनावला ग्रामीण पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरी घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी, साथ ही फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.