पंजाब: भगवंत मान ने शुरू किया 'मिशन चढ़दी कला', बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास पर ध्यान

पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के प्रयासों को तेज करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज मिशन चढ़दी कला की शुरुआत की। इस पहल के तहत बाढ़ प्रभावित लोगों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने की कोशिश की जाएगी। मिशन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फंड जुटाने का अभियान भी चलाया जाएगा।
एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने हाल ही में एक ऐसा कठिन दौर देखा है जिसे आने वाली पीढ़ियां कभी नहीं भूलेंगी। बाढ़ ने केवल पानी का कहर नहीं ढाया, बल्कि लाखों सपनों को भी बहा दिया। उन्होंने बताया कि 2,300 गांव डूब गए, 20 लाख लोग प्रभावित हुए, 5 लाख एकड़ फसल बर्बाद हुई, 56 लोग मारे गए और 7 लाख लोग बेघर हो गए।
उन्होंने यह भी कहा कि 3,200 स्कूल बर्बाद हो गए, 19 कॉलेज मलबे में बदल गए, 1,400 क्लीनिक और अस्पताल खंडहर बन गए, 8,500 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं और 2,500 पुल ढह गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कुल नुकसान 13,800 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के दौरान युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाया। गुरुद्वारे, मंदिर और अन्य धार्मिक संस्थानों ने मदद के लिए अपने दरवाजे खोल दिए और लंगर चलाया। पंजाब की एकजुटता ने हर मुश्किल घड़ी में समाज को मजबूती दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय है राहत और पुनर्वास के साथ आगे बढ़ने का। किसानों को खेती फिर से शुरू करनी है, बच्चों को स्कूल लौटना है और बाढ़ प्रभावित परिवारों को अपने घर बसाने हैं। इसी उद्देश्य से मिशन चढ़दी कला की शुरुआत की गई है। उन्होंने मिशन का भाव समझाते हुए कहा कि यह कठिन समय में हौसला बनाए रखने, हर दुख में मजबूती और हर अंधेरे में उम्मीद की रौशनी जलाने का प्रतीक है।
भगवंत सिंह मान ने भारत और दुनिया भर के पंजाबी समुदाय, उद्योगपति, कलाकार और चैरिटेबल ट्रस्टों से अपील की कि वे पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने वादा किया कि मिशन में जुटाया गया हर पैसा पारदर्शिता के साथ पुनर्वास और निर्माण कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
बाढ़ राहत के लिए योगदान देने के लिए लोग www.rangla.punjab.gov.in पर जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यालय में वार रूम स्थापित किया गया है, जो मिशन चढ़दी कला की गतिविधियों की निगरानी करेगा। उन्होंने सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को बाढ़ राहत कैंपों और प्रभावित क्षेत्रों का रोजाना दौरा करने के निर्देश भी दिए।
इस मौके पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.