कतर गैस प्लांट हादसा: 12 भारतीयों समेत 13 की दर्दनाक मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

कतर। रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित एक गैस प्लांट में रविवार को हुए भीषण विस्फोट ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना कतर के बारजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में उस समय हुई जब प्लांट में दोबारा संचालन शुरू किया जा रहा था। काम शुरू होने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में आग फैल गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई।
कतरएनर्जी की आपातकालीन टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन श्रीदा अल-काबी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में विदेशी श्रमिक शामिल हैं, जिनमें अधिकांश भारत और पाकिस्तान से थे।
इस हादसे में करीब 66 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कतर सरकार के अनुसार सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इधर, दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। दूतावास ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को तुरंत मदद मिल सके।
आपातकालीन संपर्क सूत्र:
हेल्पलाइन नंबर: +974-55647502, +975-55384683 आधिकारिक ईमेल: cons.doha@mea.gov.in
भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है। साथ ही लापता लोगों की तलाश और स्थिति की निगरानी भी जारी है।
कतर एनर्जी ने जानकारी दी है कि अब प्लांट में स्थिति नियंत्रण में है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.