जेन-जी से सरकार गिराने की अपील कर रहे राहुल गांधी, फडणवीस का आरोप

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान को लेकर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश की युवा पीढ़ी (जेन-जी) से लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को गिराने की अपील कर रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी को न संविधान पर भरोसा है और न ही लोकतांत्रिक संस्थाओं पर। उनके अनुसार, गांधी के सलाहकार भी “अर्बन नक्सल जैसी सोच” रखते हैं।
राहुल गांधी का पोस्ट बना विवाद का कारण
दरअसल, राहुल गांधी ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए लिखा था, “देश का युवा, विद्यार्थी और जेन-जी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेगा और वोट चोरी रोकेगा। मैं हमेशा उनके साथ हूं। जय हिंद!”
‘राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है’
पत्रकारों द्वारा प्रतिक्रिया पूछे जाने पर सीएम फडणवीस ने कहा, “राहुल गांधी ने जेन-जी से लोकतांत्रिक रूप से चुनी सरकार को गिराने की बात कही। यह वोट चोरी नहीं, बल्कि उनका दिमाग चोरी हो गया है। उन्हें न संविधान पर भरोसा है और न ही संस्थाओं पर। यह भाषा अर्बन नक्सल की तरह है।”
‘देश का जेन-जी संविधान पर भरोसा रखता है’
फडणवीस ने आगे कहा कि राहुल गांधी न तो युवाओं को समझते हैं, न ही बुजुर्गों को। “देश का जेन-जी संविधान और लोकतंत्र पर विश्वास करता है। यह पीढ़ी स्टार्टअप्स और टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ रही है। लेकिन राहुल गांधी इसके विपरीत नकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।”



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.