अरुणाचल प्रदेश में बारिश का कहर, बाढ़-भूस्खलन से 3 की मौत

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात गंभीर बना दिए हैं। राज्य के कई हिस्सों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने व्यापक तबाही मचाई है। इस आपदा में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं।
करीब 9 जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई जगहों पर सड़कें टूट गई हैं और पुलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे दूर-दराज के इलाकों का संपर्क टूट गया है।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। उफनती नदियों और मलबे के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है।
पांच लापता में से एक का शव बरामद, मृतकों की संख्या 3 हुई
केयी पान्योर जिले में आई बाढ़ के बाद लापता हुए सौरव कुमार खरवार का शव रविवार को पापुम पारे जिले के हवा कैंप के पास बरामद किया गया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या तीन हो गई है।
इस बाढ़ में कुल पांच लोग लापता हुए थे, जिनमें से दो महिलाओं के शव पहले ही मिल चुके थे। बाकी दो लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन पांचवें दिन भी जारी रहा।
राहत और बचाव कार्य में तेजी, अतिरिक्त जवान रवाना
राहत कार्य को तेज करने के लिए एनडीआरएफ के 23 अतिरिक्त जवान प्रभावित इलाकों के लिए भेजे गए हैं। वहीं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी मौसम साफ होते ही हेलीकॉप्टर के जरिए राहत सामग्री पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ और भूस्खलन से राज्य के कई हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है। केयी पान्योर जिले के पूसा स्थित नीपको कॉलोनी में लगभग 30 घर या तो पूरी तरह बह गए हैं या नष्ट हो गए हैं।
इसके अलावा पोस्सा और पीटापूल क्षेत्रों में 10 घर पूरी तरह तबाह और 14 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुल 128 परिवार इस आपदा से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 60 लोगों को नीपको परिसर में बने राहत शिविर में रखा गया है।
ईस्ट सियांग के लेदुम और लेपाराडा के बसार क्षेत्र में भी बाढ़ का असर देखा गया है। कई जगह नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे पुलों और अन्य संरचनाओं को खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग का अलर्ट, 24 घंटे बेहद अहम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सोमवार सुबह तक कुछ क्षेत्रों में 200 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।
पापुम पारे और ईस्ट सियांग में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि लोअर सुबनसिरी, लेपाराडा, लोअर सियांग, वेस्ट कामेंग और लोअर दिबांग घाटी समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सरकार और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.