अफेयर के शक में पिता बना हैवान, बेटी के हाथ-पैर बांध जिंदा नहर में फेंका

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी बड़ी बेटी के कथित अवैध संबंधों के शक में उसका हाथ बांधकर नहर में फेंक दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने इस घटना का वीडियो खुद बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा। मामला उजागर होते ही पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके पांच बेटियां हैं। पीड़िता प्रीत कौर उसकी सबसे बड़ी संतान थी। आरोप है कि सुरजीत सिंह को बेटी के चरित्र पर संदेह था। इसी शक में उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने कहा कि उसने पहले बेटी को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन जब बात नहीं मानी तो उसने यह कदम उठाया।
फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि सुरजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की तलाश नहर में लगातार की जा रही है। पुलिस के मुताबिक यह घटना दो दिन पहले हुई थी, जिसका खुलासा तब हुआ जब आरोपी के रिश्तेदार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और वीडियो सामने आया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इसे नृशंसता की पराकाष्ठा बता रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.