टिहरी में भालू ने किया हमला, कर्मचारी की अस्पताल ले जाते समय मौत

भिलंगना ब्लॉक के मगरौं–पौखाल क्षेत्र में मंगलवार देर शाम गूंज संस्था के एक कर्मचारी पर भालू के हमले का मामला सामने आया। हमले में घायल कर्मचारी की दहशत इतनी बढ़ गई कि उसे बाद में दिल का दौरा पड़ा। गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई।
ग्राम खाल–पाली के प्रधान वीरेंद्र सिंह नेगी के अनुसार, गूंज संस्था के कर्मचारी राकेश गिरी मंगलवार शाम लगभग आठ बजे स्वाड़ी और चाह गडोलिया गांवों में सफाई किट से जुड़ा कार्य पूरा कर अपनी बाइक से पौखाल लौट रहे थे। रास्ते में अचानक एक भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया, जिससे वे सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। पीछे से आ रहे ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग निकला, लेकिन घटना से गिरी इतने भयभीत हो गए कि उनकी हालत बिगड़ने लगी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। हालांकि कीर्तिनगर के पास ले जाते समय ही उनकी मौत हो गई।
पौखाल वन रेंज अधिकारी हर्षराम उनियाल का कहना है कि घटना की जानकारी के बाद विभाग ने गडोलिया और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई है, लेकिन भालू हमले की आधिकारिक सूचना विभाग को नहीं मिली है। मौके पर भी भालू की उपस्थिति के कोई ठोस निशान नहीं मिले हैं। कर्मचारियों के स्तर पर भी ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हो पाई है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पौखाल, गडोलिया और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से भालू की आवाजाही लगातार बढ़ी हुई है। ग्राम स्वाड़ी के प्रधान राकेश कुमाईं ने बताया कि भालू कई गांवों में दहशत फैला चुका है। उन्होंने डीएफओ को शिकायत भेजकर भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.