शालीमार बाग में मुनक नहर में नहाने गए दो बच्चे डूबे, दोनों की मौत

दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुनक नहर में नहाने गए दो बच्चे डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय अनिकेत और 13 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते थे दोनों बच्चे
अनिकेत शालीमार बाग स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास झुग्गी बस्ती में पिता और भाइयों के साथ रहता था। मां की पहले ही मौत हो चुकी थी और पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। रविवार को पिता काम पर गए थे, तभी अनिकेत पड़ोस में रहने वाले कृष्ण कुमार के साथ नहर पर नहाने चला गया। कृष्ण कुमार भी मजदूर परिवार से था और उसकी मां का भी निधन हो चुका है।
पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि शाम करीब 4 बजे हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने नहर में तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात करीब 10 बजे दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। हादसे के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
स्थानीय लोग बोले – बच्चों की सुरक्षा के इंतजाम नहीं
इलाके के निवासियों ने बताया कि अक्सर बच्चे खेलने और नहाने के लिए मुनक नहर पर चले जाते हैं। बरसात के कारण पानी गहरा हो जाने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। कुछ दिन पहले वजीरपुर में भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। लोगों का कहना है कि नहर किनारे सुरक्षा दीवार या सुरक्षाकर्मी न होने की वजह से आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.